राजधानी लखनऊ में रविवार देर रात रकाबगंज स्थित रेलवे के टूटे पुल से गिरकर व्यापारी सुनील कुमार श्रीवास्तव (50) की मौत हो गई। वह रिश्तेदार की शादी में शामिल होने परिवार संग पांडेयगंज आए थे। वह कानपुर के घोड़े की काठी (सैडलरी) के रहने वाले थे। सुनील रात में खाना खाने के बाद टहलने निकले थे। घटना मशकगंज वार्ड में मोहल्ला हाता दुर्गा प्रसाद के पास की है।
पिता के बारे में कोई खबर नहीं मिलने पर रितिका ने उन्हें कई कॉल की। पर फोन नहीं उठा। रात करीब 10 बजे गश्त कर रही जीआरपी की टीम ने सुनील को ट्रैक पर लहूलुहान देखा। तलाशी में उनके पास फोन मिला। जीआरपी ने रितिका को फोन मिलाया। तब घरवालों को घटना की जानकारी हुई।
परिजन आननफानन मौके पर पहुंचे। इसके बाद सुनील को गंभीर अवस्था में बलरामपुर अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सागर का आरोप है कि घटना के समय बिजली जाने से वहां अंधेरा था। पुल पर रेलिंग भी नहीं लगी थी। ऐसे में टहलते वक्त उनके पिता कुछ देख नहीं सके। अगर पुल पर रेलिंग होती, तो उनके पिता की जान नहीं जाती।
स्थानीय लोगों ने बताया कि करीब 20 साल पहले सुनील मशकगंज वार्ड में रहते थे। तब वह अक्सर पुल के रास्ते टहलने जाते थे। रविवार को भी वह टहलने निकले थे। इस दौरान वह फोन पर किसी से बात कर रहे थे। सीढ़ी के रास्ते वह पुल पर चढ़े। हालांकि, सुनील को पुल के टूटे होने की जानकारी नहीं थी और वह नीचे गिर गए।