लखनऊ। पीजीआई पुलिस ने बुधवार को उद्यमी अविनाश सिंह की हत्याकांड के मुख्य शूटर अनमोल कटियार की निशानदेही पर नकदी व बाइक बरामद कर ली। एसटीएफ ने मंगलवार को उद्यमी हत्याकांड से जुड़े चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने सभी से अलग-अलग पूछताछ की। इसके बाद बरामदगी की कार्रवाई कर जेल भेज दिया।
प्रभारी निरीक्षक पीजीआई आशीष द्विवेदी के मुताबिक, पकड़े गए आरोपियों ने उद्यमी अविनाश सिंह की पत्नी का मौसेरा भाई सुमित कटियार, अनमोल कटियार, विशाल वर्मा उर्फ शिवम और सुनील गुप्ता उर्फ राजन शामिल हैं। मंगलवार देर रात तक आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस टीम आरोपी अनमोल कटियार और विशाल वर्मा को लेकर नकदी व बाइक बरामद करने केलिए निकली। प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक, पुलिस टीम अनमोल के साथ कन्नौज के वैसवारी गांव पहुंची जहां से 2.2 लाख रुपये नकदी व एक बाइक बरामद की। आरोपियों ने इसी बाइक से अविनाश सिंह की रेकी की थी। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों को जेल भेज दिया।