लखनऊ। अजीत सिंह हत्याकांड में मुख्य शूटर गिरधारी उर्फ डॉक्टर को बुधवार सुबह दिल्ली पुलिस उसे लेकर लखनऊ पहुंची। यहां से उसे जेल भेज दिया गया। उसकी कस्टडी रिमांड के लिए पुलिस बृहस्पतिवार को अर्जी डालेगी।
गिरधारी को बुधवार सुबह सीजेएम कोर्ट में दिल्ली पुलिस प्रोटेक्शन रिमांड पर लेकर आई जहां से सीजेएम ने जिला जेल भेज दिया। गिरधारी पर वाराणसी में कारोबारी की हत्या करने केमामले में एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। वाराणसी पुलिस भी उसकी रिमांड के लिए दिल्ली तक जा चुकी है। लेकिन सफलता लखनऊ पुलिस के हाथ लगी।
एसीपी विभूतिखंड प्रवीण मलिक के मुताबिक, गिरधारी को सीजेएम कोर्ट में दिल्ली पुलिस ने पेश किया। सुनवाई के बाद सीजेएम कोर्ट ने गिरधारी को जिला जेल भेज दिया। बृहस्पतिवार को कोर्ट में कस्टडी रिमांड की अर्जी डाल दी जाएगी और उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। इसके बाद कई और राज खुलेंगे।
फरार शूटरों की तलाश जारी
प्रभारी निरीक्षक विभूतिखंड चंद्रशेखर सिंह केमुताबिक, फरार चल रहे शूटर राजेश तोमर उर्फ जय, मुस्तफा उर्फ बंटी, शिवेंद्र उर्फ अंकुुर की तलाश की जा रही है। भदोही निवासी शूटर संदीप सिंह बाबा को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ भी की गई। वहीं इन सबकी मदद करने वाले व पूर्वांचल के बाहुबली पूर्व सांसद धनंजय सिंह के करीबी विपुल सिंह की तलाश की जा रही है। पुलिस ने इस पर इनाम भी घोषित किया है।