लखनऊ। हत्या के प्रयास के मामले में जेल में बंद अधिवक्ता सौरभ वर्मा का करीबी बता कर साद व उसके साथियों ने चौक के अकबरी गेट निवासी कपड़ा व्यापारी मो. मोहनीश को पीट दिया। आरोपी पिस्टल के बल पर उनसे एक लाख रंगदारी मांगने लगे। डर के कारण पीड़ित ने उन्हें 30 हजार रुपये दे दिए। वजीरगंज पुलिस ने वकील समेत छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। एक आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया।
मो. मोहनीश ने बताया कि उनकी वजीरगंज में रफेआम क्लब के पास कपड़े की दुकान है। शुक्रवार रात मोबाइल पर उन्होंने देखा कि दुकान में बिल्लौचपुरा निवासी साद कुरैशी, वजीरगंज निवासी सलमान, कैफ, तकिया आजमबेग निवासी अधिवक्ता शावेज और एलएलबी का छात्र अरशद खड़े थे। फुटेज देखकर वह जब भाग कर दुकान पहुंचे तो साद उनसे रंगदारी मांगने लगा। विरोध पर आरोपियों ने पीट दिया। आरोपी शावेज ने गोली मारकर हत्या करने की धमकी दी। इंस्पेक्टर राजेश त्रिपाठी ने बताया कि सलमान को गिरफ्तार किया गया है। अन्य की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।