व्यापारी नेता संजय गुप्ता साइकिल से पहुंचे कार्यालय।
लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आह्वान पर उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता बुधवार को साइकिल चलाकर कार्यालय पहुंचे। उन्होंने ऊर्जा संकट, पेट्रोलियम पदार्थों की बचत और विदेशी मुद्रा संरक्षण को लेकर व्यापारियों एवं नागरिकों से सहयोग की अपील की।
संजय गुप्ता अपने उदयगंज स्थित आवास से करीब सात किलोमीटर साइकिल चलाकर लेखराज मेट्रो स्टेशन स्थित संगठन के प्रदेश कार्यालय पहुंचे। उन्होंने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में देश के सामने ऊर्जा और पेट्रोलियम पदार्थों का संकट बड़ी चुनौती है। ऐसे समय में ईंधन और संसाधनों की बचत करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। परिस्थितियां सामान्य होने तक वह सप्ताह में एक दिन साइकिल और कम से कम तीन दिन मेट्रो से कार्यालय जाएंगे। केवल जरूरी कार्यक्रमों के लिए ही चार पहिया वाहन का उपयोग करेंगे। संजय गुप्ता ने कहा कि देशहित में सभी को पेट्रोल, डीजल, बिजली और अन्य संसाधनों की अधिक से अधिक बचत करनी चाहिए।