लखनऊ। राजधानी सहित प्रदेश के शिक्षण संस्थानों में आईटीआई व इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाले विद्यार्थी भी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) में दक्ष होंगे। गोरखनाथ विश्वविद्यालय की ओर से टाटा कंसलटेंसी सर्विसेज के सहयोग से 15 अप्रैल से शुरू हो रहे एआई अवेयरनेस प्रोग्राम के लिए व्यावसायिक और इंजीनियरिंग के विद्यार्थियों ने भी ऑनलाइन आवेदन किया है।
लखनऊ राजकीय महिला पॉलीटेक्निक की प्लेसमेंट प्रभारी डॉ. शिल्पी वर्मा ने बताया कि डिप्लोमा इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाली छात्राओं से भी निशुल्क कोर्स के लिए आवेदन कराया गया है। इस कोर्स की मदद से विद्यार्थियों को एआई और साइबर सुरक्षा के बारे में जानकारी दी जाएगी। एआई प्रयोग और कॅरिअर के लिए उभरते अवसरों के बारे में बताया जाएगा।
माध्यमिक शिक्षा विभाग के संयुक्त निदेशक व नोडल अधिकारी विवेक नौटियाल ने बताया कि माध्यमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले 11वीं और 12वीं के छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया है। इसके अलावा टेक्निकल एजुकेशन, मेडिकल एजुकेशन, माध्यमिक और उच्च शिक्षा की पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों ने भी आवेदन किया है। 15 अप्रैल से सुबह नौ बजे से कोर्स की शुरुआत होगी। 60 दिनों की अवधि के अंदर एआई प्रोग्राम को पूरा किया जाएगा। छात्र-छात्राओं को कम से कम 20 घंटे तक एआई की पढ़ाई करनी होगी। इससे युवाओं को तकनीकी क्षेत्र में रोजगार के अवसर खुलेंगे।