रायबरेली। परिचालकों की मनमानी थमने का नाम नहीं ले रही है। एक परिचालक लखनऊ से मात्र चार सवारियां लेकर रायबरेली डिपो पहुंच गया। रास्ते में गंगागंज के पास बस को चेक किया तो सारी सीटें खाली मिलीं। बस में मात्र एक सवारी मिली। परिचालक ने बोला-सवारियां ही नहीं मिलीं तो क्या करें। रिपोर्ट मिलने के बाद क्षेत्रीय प्रबंधक ने परिचालक को निलंबित कर दिया है।
घटना बीती 18 दिसंबर की है। रायबरेली डिपो की बस लखनऊ के चारबाग से रायबरेली के लिए रवाना हुई। सहायक यातायात निरीक्षक रोहित कुमार ने गंगागंज के पास बस को रोककर चेक किया तो बस में मात्र चार सवारियां ही मिलीं। इसमें तीन सवारियां मोहनलालगंज और निगोहा में उतर गई थीं। गंगागज में बस पर एक सवारी ही मिली। यात्री को रायबरेली आना था।
परिचालक की मनमानी के कारण लखनऊ से बस रायबरेली तक खाली आ गई। रिपोर्ट मिलने के बाद क्षेत्रीय प्रबंधक ने परिचालक अजीत कुमार को निलंबित कर दिया है। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक दिनेशचंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि लखनऊ व रायबरेली के बीच परिचालक ने मात्र चार टिकट ही काटे थे। इसी कारण उसे निलंबित किया गया है।