इंदिरानगर के शिवाजीपुरम में मंगलवार को दोपहर में ओवर लोडिंग के चलते ट्रांसफार्मर जल गया।
लोगों ने इलाकाई इंजीनियरों से लेकर कॉल सेंटर तक शिकायत दर्ज कराई पर कोई सुनवाई नहीं हुई।
इसके विरोध में लोगों ने प्रदर्शन किया और उपकेंद्र की ओर कूच किया, तो साढ़े पांच घंटे के बाद वैकल्पिक तरीके से बिजली चालू करने के लिये ट्राली ट्रांसफार्मर को लगाया गया।
शिवाजीपुरम के विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि दोपहर 12 बजे धूं-धूं कर ट्रांसफार्मर जल गया।
इससे करीब ढाई सौ घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इसकी उपकेंद्र की शिकायत की गई तो पूरे फीडर को बंद कर दिया गया।
बाद में दमकल ने आग को बुझाया तो एक घंटे के बाद जले ट्रांसफार्मर को अलग करके फीडर को चालू किया गया।
इलाके के एसडीओ एवं जेई से शिकायत करने के बाद बंद बिजली को चालू करने का कोई प्रयास नहीं किया गया।
विरोध में लोगों ने प्रदर्शन कर जब उपकेंद्र का घेराव करने चल पड़ें तो शाम तक बिजली चालू करने का आश्वासन दिया।
विजय ने बताया कि शाम 5:30 बजे ट्राली ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली को चालू किया गया।
इंजीनियरों की लापरवाही से लोग प्रचंड गर्मी में पसीना बहाता रहे।
दूसरी तरफ सुशील कुमार बच्चा ने बताया कि आए दिन ओवर लोडिंग के कारण ट्रांसफार्मर जल रहे हैं लेकिन उच्च क्षमता का ट्रांसफार्मर नहीं लगाया जा रहा है।
विजय ने बताया कि ट्रांसफार्मर जलने की कॉल सेंटर के टॉल फ्री नंबर 18001800440 पर शिकायत दर्ज कराई।
जब तीन घंटे के बाद भी वैकल्पिक ट्रांसफार्मर की व्यवस्था नहीं की गई।
तो विजय ने कॉल सेंटर में ऑपरेटर से शिकायत नंबर मांगा तो उनको नहीं बताया गया।
दोबारा टॉल फ्री नंबर से कॉल करने पर ऑपरेटर ने बात नहीं की।