दिवाली पर जुआ खेलने के दौरान दो सौ रुपये के लेनदेन को लेकर एक दबंग ने युवक की हत्या कर दी। घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया पर वह भागने में कामयाब हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ग्रामीणों की मदद से युवक को ट्रॉमा सेंटर ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत करार दिया।
घुरघुरी तालाब चौकी क्षेत्र के जलियामऊ में रविवार रात ग्रामीण जुआ खेल रहे थे। मंजू उर्फ कल्लू रावत दो सौ रुपये ज्ञान रावत से हार गया था। ज्ञान के रुपये मांगने पर कल्लू ने बाद में देने की बात कही। इसको लेकर दोनों में विवाद हो गया। बात बढ़ने पर दोनो में मारपीट होने लगी। ज्ञान ने कल्लू को पीट पीट कर मरणासन्न कर दिया। आवाज सुनकर मौके पर ग्रामीण पहुंचे तब तक आरोपी भागने में सफल रहा।
ग्रामीणों की जानकारी पर पहुंची पुलिस घायल को ट्रॉमा सेंटर ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत करार दिया। प्रधान कैलाश ने बताया कि रात नौ बजे जवाहर के यहां जुआ हो रहा था। वहीं विवाद में कल्लू की मौत हो गई। कल्लू राजाजीपुरम में रहकर एक निजी स्कूल में सफाई कर्मी का काम करता था। दो माह पहले ही वह गांव में रहने आया था।
भाई संजय ने बताया कि कल्लू अविवाहित था। परिवार में चार भाई संजय, अंकित, बुद्धा और पच्चू हैं। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद मिश्र ने बताया कि भाई संजय की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस ने अपनी मौजूदगी में सोमवार दोपहर बाद अंतिम संस्कार कराया।