आलमबाग। कृष्णानगर के मधुबन नगर में रहने वाली महिला ने सराफा कारोबारी व उसके आठ सहयोगियों के खिलाफ लाखों रुपये के गिरवी रखे जेवर हड़प कर गला देने और धमकी देने का आरोप लगाया है। कोर्ट के आदेश पर कृष्णानगर पुलिस ने बुधवार को रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
आलमबाग मधुवन नगर में रहने वाली प्रियंका सिंह के अनुसार उन्होंने वर्ष 2019 से लेकर जून 2024 तक में कई बार अपने जेवर गीतापल्ली स्थित ज्योति ज्वेलर्स के यहां गिरवी रखकर 5.5 लाख रुपये ब्याज पर लिए थे।
कुल ब्याज एक लाख 92 हजार रुपये हुआ था, जोकि उन्होंने दुकान मालिक मीरा देवी को वापस कर दिए और अपने जेवर मांगे। उनका कहना है कि जेवर वापस नहीं किए गए। आरोप है कि उनके जेवर गला दिए गए। इंस्पेक्टर कृष्णानगर पीके सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर दुकान मालिक मीरा, अंकित सोनी, सूरज सोनी, लकी सोनी, ज्योति सोनी, शुभम सोनी, अनुराग श्रीवास्तव और दुकान मालिक की बेटी के खिलाफ गबन और धमकी की धारा में बुधवार को रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।