लखनऊ। बाजारखाला इलाके में दबंगों ने मंगलवार रात युवक को बुरी तरह पीट दिया। बचाने पहुंचीं परिवार की दो गर्भवती महिलाओं को पीटकर उनसे छेड़छाड़ कर कपड़े फाड़ दिए। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
बाजारखाला के एक मोहल्ला निवासी सिलाई कारीगर के मुताबिक मंगलवार रात करीब 10:30 बजे उनकी बाइक घर के सामने खड़ी थी। मोहल्ले के रहने वाले शोभित व गुड्डू बाइक से आए और गाड़ी हटाने को कहा। विरोध पर अभद्रता कर पिटाई करने लगे। बचाने के लिए युवक की पत्नी, बड़े भाई व भाभी बाहर आ गईं। शोभित व गुड्डू ने परिवार के मुकेश, लल्लू, मोहित व सौरभ समेत अन्य कई लोगों को बुलाकर घर में घुसकर मारपीट कर तोड़फोड़ कर दी।
पीड़ित का आरोप है कि उनकी गर्भवती पत्नी व भाभी के साथ आरोपियों ने छेड़छाड़ की और कपड़े फाड़ दिए। इंस्पेक्टर संतोष आर्य ने बताया कि अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़ित का आरोप है कि रात में जब तहरीर दी तो आरोपियों के नाम नहीं पता थे। सुबह नाम पता करने के बाद दूसरी तहरीर दी तो पुलिस ने लेने से इन्कार कर दिया।