अमेठी सिटी। धनतेरस के दूसरे दिन बुधवार को छोटी दीपावली पर भी बाजारों में रौनक कायम रही। सुबह से लेकर देर रात तक ग्राहकों ने खूब खरीदारी की। शाम होते ही दीये, मोमबत्ती और बिजली की झालरों से मकान व प्रतिष्ठान रोशन हो गए।
दीपावली पर्व पर जिले में हर ओर उल्लास नजर आ रहा है। दिवाली की पूर्व संध्या तक घरों को सजाने संवारने का काम चलता रहा। बाजार में जमकर खरीदारी की। सबसे ज्यादा भीड़ मिठाई, कपड़े व पटाखों की दुकानों पर रही। सुबह से ही जहां जगह-जगह मिठाई की दुकानों के स्टॉल लग थे, वहीं मोमबत्ती, लाई चूरा की दुकानें पटरियों पर लगी रहीं। लोगों ने पूजन सामग्री भी खरीदारी की। घरों को रोशन करने के लिए लोगों ने बिजली की लड़ियां, मिट्टी के दीये, मोमबत्ती और सजावट से संबंधित अन्य सामानों की खरीदारी की।
मूर्तियों और लाई चूरा की दुकानों पर रही भीड़
दिवाली पर मां लक्ष्मी-गणेश, कुबेर की पूजा का विशेष महत्व है। पर्व पर मूर्तियों के साथ ही लाई, चूरा, चीनी के खिलौने व गट्टा की दुकानें सजी रहीं। लोगों ने लक्ष्मी-गणेश, कुबेर सहित अन्य देवी देवताओं की मूर्तियों की खरीदारी की। पूजन-अर्चन के लिए लाई, चूरा व गट्टा खरीदा।
सतर्क रहा पुलिस प्रशासन
दिवाली के मद्देनजर प्रशासनिक अमला सतर्क रहा। सुबह से ही क्षेत्र की प्रमुख बाजारों में पुलिस की मौजूदगी रही। जिले की प्रमुख बाजार गौरीगंज, अमेठी, मुसाफिरखाना, जगदीशपुर, जायस, तिलोई में पीएसी, क्यूआरटी व नागरिक पुलिस की सुबह से ही ड्यूटी लगा दी गई थी।