- पारा की घटना, 12 लोगों पर मुकदमा, दो हिरासत में
संवाद न्यूज एजेंसी।
लखनऊ। पारा के हंसखेड़ा में दबंगों ने गाली-गलौज के विरोध पर विधि के छात्र की लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। बचाव करने गई उसकी बहन को जमीन पर गिरा दिया और कई थप्पड़ जड़े। इस बीच वहां पहुंची उनकी भांजी को धक्का दे दिया। पुलिस ने पांच नामजद व सात अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दो को हिरासत में लिया है।
मवैया निवासी विधि के छात्र ऋषभ उपाध्याय बृहस्पतिवार शाम पुरानी कांशीराम काॅलोनी में बहन श्वेता उपाध्याय के घर पहुंचे थे। वहां पार्क में अनुराग, अभय, जुबेर, शंकर, इमरान व सात अज्ञात लोग शराब पीकर लोगों से गाली-गलौज कर रहे थे। ऋषभ के विरोध पर आरोपियों ने उनकी लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। चीख पुकार सुनकर जब उनकी बहन श्वेता पहुंचीं तो आरोपियों ने उन्हें जमीन पर गिरा दिया।
दबंगों ने श्वेता को कई थप्पड़ जड़ दिए और पत्थर से उनके व ऋषभ के सिर पर हमला कर दिया। इस बीच पहुंची श्वेता की सात वर्षीय बेटी को भी धक्का दे दिया। लोगों को जमा होते देखकर आरोपी भाग निकले। चौकी इंचार्ज पीर मोहम्मद के मुताबिक अनुराग व अभय को हिरासत में लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।