राजधानी लखनऊ में चकबंदी विभाग के बाबू राजकुमार सिंह की मौत का मामला रहस्यमय मोड़ लेता जा रहा है। उनके सिर में लगी गोली आर-पार हो गई थी, लेकिन मौके से खोखा बरामद नहीं हुआ है। पुलिस के सामने सवाल है कि गोली का खोखा कहां गायब हो गया?
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुष्टि हुई है कि गोली दाहिनी कनपटी से लगी और बाईं ओर से निकली है। मामले में पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से मिले परिस्थितिजन्य साक्ष्य, सुसाइड नोट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आत्महत्या की ओर इशारा कर रहे हैं। हालांकि, परिजन हत्या का शक जता रहे हैं। शनिवार को हत्या की तहरीर देने की बात कह रहे हैं।
ये भी पढ़े- UP: महिला से छेड़छाड़ का आरोपी सचिव निलंबित, मंत्री ने खुद पुलिस को बुलाकर करवाया था गिरफ्तार
मौके से बरामद रिवॉल्वर की जांच जारी
डीसीपी साउथ निपुण अग्रवाल ने बताया कि राजकुमार के पास से बरामद रिवॉल्वर का पता लगाया जा रहा है। इसके लिए डीएम दफ्तर के असलहा बाबू से जानकारी मांगी गई है। यदि असलहा किसी दूसरे जनपद का है तो रिपोर्ट आने में समय लग सकता है। मालिक की पहचान के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उधर, राजकुमार सिंह के मौसेरे भाई पंकज सिंह का कहना है कि शुक्रवार को वो लोग अस्थि विसर्जन के लिए प्रयागराज गए थे। शनिवार को हत्या की तहरीर दी जाएगी।
ये भी पढ़े- Love Jihad: समीर ने झांसे में लेकर सहपाठी को प्रेमजाल में फंसाया, अब धर्म-परिवर्तन कर निकाह का बना रहा दबाव
घटना एक नजर में...
तीन दिन पहले बुधवार की शाम शहीद पथ स्थित प्लॉट के कमरे में राजकुमार का शव मिला था। उनके दाहिने हाथ में रिवॉल्वर थी। पास ही सुसाइड नोट पड़ा था। इसमें उन्होंने अपनी मौत के लिए खुद को जिम्मेदार बताया। बावजूद इसके, गोली का खोखा न मिलना मामले को और रहस्यमय बना रहा है।