गोमती किनारे की जमीन को अपना बता कर मुआवजा लेने और अवैध निर्माण को लेकर चर्चा में आए सपा एमएलसी बुक्कल नवाब ने रविवार को एलान किया कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए 15 करोड़ रुपये देंगे। उन्होंने मुकुट के लिए भी 10 लाख अलग से भी देने की घोषणा की।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सपा एमएलसी ने कहा कि भगवान राम अयोध्या में पैदा हुए थे। ऐसे में उनका मंदिर अयोध्या में ही बनना चाहिए। मैं भगवान राम का मंदिर बनने के बाद उनको मुकुट पहनाऊंगा।
वहीं फर्जी तरीके से जमीन कब्जा कर मुआवजे लेने के आरोप पर बुक्कल ने कहा कि गोमती नदी के किनारे की जमीन मेरे पूर्वजों की है, क्योंकि हम पहले से रईस हैं। मेरे पिता पायलट थे। दादा के पास कई सौ बीघा जमीनें थीं, जोकि सीतापुर, लखनऊ, हरदोई समेत कई जगहों पर थीं।
बाढ़ के दौरान अक्सर ये जमीन पानी में डूबी रहीं, जिससे स्थायी कब्जा नहीं हो पाया। अभी सरकार से करीब 30 करोड़ का मुआवजा मिलना है। जैसे ही सरकार से जमीन का मुआवजा मिलता है वह इस 15 करोड़ राम मंदिर के निर्माण के लिए दान कर देंगे।
अवैध निर्माण मामले में बुक्कल ने कहा कि मैंने अपने मकान के लिए एलडीए से अनुमति ली थी। किसी को भी 3 फ्लोर का मकान बनाने की परमिशन होती है। मेरे मकान के बाकी के जो 2 मंजिल बने हैं, वो ठेकेदार की गलती से बने हैं।