शादी का झांसा देकर बिल्डर ने किया यौन शोषण, गर्भपात कराया
लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी थाने में एक युवती ने बिल्डर सतपाल सिंह के खिलाफ शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने की एफआईआर दर्ज कराई है। आरोप है कि युवती के गर्भवती होने पर सतपाल और उसके घरवालों ने गर्भपात करवा दिया। यही नहीं, दहेज में पांच करोड़ रुपये और लग्जरी गाड़ी की मांग की। बाद में आरोपी शादी से मुकर गया। इंस्पेक्टर अंजनी कुमार मिश्र के मुताबिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
युवती का कहना है कि पांच साल पहले प्लॉट खरीदने के सिलसिले में उनकी मुलाकात अशरफ विहार कॉलोनी चिनहट निवासी बिल्डर सतपाल से हुई थी। कुछ दिन बात करने के बाद सतपाल ने शादी का प्रस्ताव रखा। इसके बाद दोनों के घरवालों ने मुलाकात की। सतपाल के पिता गिरीश कुमार सिंह, मां पंकज सिंह, भाई यशपाल सिंह और बहन रिवा सिंह शगुन भी दिया। आरोप है कि सतपाल ने युवती की मर्जी के बिना कई बार शारीरिक संबंध बनाए। वर्ष 2023 में गर्भवती होने पर सतपाल व उसके माता-पिता ने दवा खिलाकर गर्भपात करा दिया।
पीड़िता का कहना है कि आरोपी शादी की बात पर टालमटोल करने लगा। इस बीच पीड़िता की तबीयत बिगड़ गई। सतपाल व उसकी मां ने उनका अस्पताल में इलाज कराया। कुछ समय बाद आरोपी दहेज की मांग करने लगे। 16 जनवरी को सतपाल ने उनसे गाली गलौज की। शिकायत करने पर सतपाल के घरवालों ने आरोपी का समर्थन किया।
अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने की दी धमकी
आरोप है कि 25 जनवरी को सतपाल ने युवती को अपनी कार में बिठाया। इसके बाद पिस्तौल तानते हुए कहा कि उसके पास युवती की ढेरों अश्लील फोटो और वीडियो हैं। अगर उसने कुछ भी किया तो इन्हें वायरल कर देगा। आरोपी ने चोरी से फोटो-वीडियो बनाए थे।
बिल्डर के रिश्तेदार को बताया सूत्रधार
एफआईआर में पीड़िता ने सतपाल के करीबी व रिश्तेदार जितेंद्र सिंह को पूरे मामले का सूत्रधार बताया है। जितेंद्र को भी नामजद किया है। युवती का कहना है कि आरोपी ने शादी के लिए 16 मार्च तक का समय मांगा था। समझौता पत्र पर सतपाल के करीबियों ने हस्ताक्षर भी किया था। पीड़िता का कहना है कि आरोपी दबंग व राजनीतिक पहुंच वाले हैं, जिनसे उनको जान का खतरा है। अगर उन्हें या उनके परिवार को कुछ होता है तो इसकी सारी जिम्मेदारी आरोपियों की होगी।