प्रदेश में काफी प्रयासों के बाद भी बीटीसी का सत्र नियमित नहीं हो पा रहा है। शैक्षिक सत्र 2013-14 बीत चुका है, लेकिन इस सत्र के लिए अभी भी दाखिले की प्रक्रिया चल रही है।
ऐसे में सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि शैक्षिक सत्र 2014-15 का क्या होगा।
प्राइमरी स्कूलों में शिक्षक बनने की योग्यता स्नातक व बीटीसी है। इसलिए दो वर्षीय बीटीसी करने वालों की मारामारी रहती है।
प्रदेश में बीटीसी की सरकारी सीटें 10,450 तथा 695 निजी कॉलेजों में 34,750 सीटें हैं। सत्र 2013-14 में दाखिला प्रक्रिया शुरू छह माह पहले हुई थी और सत्र अगस्त से हरहाल में शुरू हो जाना चाहिए था। लेकिन अक्तूबर खत्म होने को है पर अभी तक सभी सीटें नहीं भर पाई हैं।