प्रदेश में बीटीसी के 260 और निजी कॉलेज खुलने जा रहे हैं।
इन कॉलेजों को संबद्धता देने के लिए राज्य समिति की बैठक गुरुवार को राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) में विशेष सचिव बेसिक शिक्षा विजय बहादुर की अध्यक्षता में शुरू हुई।
इसमें कॉलेजवार प्रस्ताव रखे गए। सभी प्रस्तावों पर विचार न हो पाने की वजह से शुक्रवार को पुन: बैठक होगी।
राज्य समिति संबद्धता देने की संस्तुति सरकार से करेगी। इसके बाद अंतिम निर्णय बेसिक शिक्षा मंत्री रामगोविंद चौधरी करेंगे।
पढ़ें-पीएचडी करने वाले छात्र बनेंगे ‘टीचिंग असिस्टेंट’
इन सभी कॉलेजों को संबद्धता मिलने के बाद बीटीसी की 13000 सीटें और बढ़ जाएंगी।
बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में शिक्षक बनने की योग्यता स्नातक व बीटीसी है। प्रदेश में सरकारी कॉलेजों व जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में मात्र 10,450 सीटें हैं।
इसलिए निजी कॉलेजों में बीटीसी कोर्स शुरू करने की अनुमति देने की प्रक्रिया शुरू की गई है। निजी कॉलेज खोलने के लिए राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) से मान्यता लेने के बाद एससीईआरटी से संबद्धता लेने के लिए आवेदन करना होता है।
एससीईआरटी आवेदन के आधार पर स्थलीय सर्वे करते हुए राज्य समिति के समक्ष प्रस्ताव रखता है। इसके बाद संबद्धता देने का निर्णय किया जाता है। प्रदेश में इस समय 451 निजी कॉलेजों में 22,550 सीटें हैं।
अयोध्या की हर हलचल जानने के लिए यहां क्लिक करें