बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के निर्देश पर लखनऊ और कानपुर मंडल के पार्टी प्रभारी शमसुद्दीन राइन को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। बसपा प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने बृहस्पतिवार को उनके निष्कासन का आदेश जारी कर दिया। उनपर अनुशासनहीनता और पार्टी में गुटबाजी का बढ़ावा देने के आरोप में कार्रवाई की गई है।
पार्टी प्रदेश अध्यक्ष की ओर से जारी आदेश के मुताबिक शमसुद्दीन राइन को कई बार इस बाबत चेतावनी भी दी गई थी, लेकिन उनकी गतिविधियों और कार्यशैली में कोई सुधार नहीं आया। तमाम शिकायतें मिलने के बाद बसपा सुप्रीमो को पूरे प्रकरण से अवगत कराया गया, जिसके बाद उन्होंने सख्त कार्रवाई करते हुए झांसी निवासी शमसुद्दीन को निष्कासित करने को कहा। बता दें कि शमसुद्दीन राइन लंबे समय से बसपा से जुड़े थे। वह पूर्व में पश्चिमी उप्र के प्रभारी भी रह चुके हैं। पार्टी ने उन्हें अल्पसंख्यक समुदाय को जोड़ने का जिम्मा भी दिया था। उन्हें बीते दिनों बसपा की रैली के बाद हुई बैठक में लखनऊ मंडल की जिम्मेदारी भी सौंपी गई थी, लेकिन अचानक उनका निष्कासन होने से पार्टी में तमाम चर्चाएं होनी शुरू हो गई हैं।