कैबिनेट मंत्री आजम खां के ड्रीम प्रोजेक्ट मो. अली जौहर विश्वविद्यालय, रामपुर के निर्माण को लेकर विधान परिषद में बुधवार को मुख्य विपक्षी दल बसपा ने कई सवाल उठाए।
कार्यस्थगन सूचना के जरिये यह मामला उठाते हुए बसपा के सदस्यों ने कहा कि विश्वविद्यालय के भवन निर्माण पर हजारों करोड़ रुपये खर्च किया जा रहा है। पर, लेबर सेस (उपकर) का लगभग 20 करोड़ रुपया अभी तक भुगतान नहीं किया गया।
नेता प्रतिपक्ष नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा लगाए जाने वाले इस उपकर को श्रमिकों के कल्याण पर खर्च किया जाता है। उपकर न देने से साबित होता है कि सरकार को श्रमिकों की कोई चिंता नहीं है।
सिद्दीकी ने कहा कि उपकर भुगतान के नोटिस के मुताबिक जौहर विवि में करीब 2000 करोड़ रुपये का निर्माण कार्य चल रहा है।
इस पर एक फीसदी की दर से लगने वाला उपकर का लगभग 20 करोड़ रुपये हुआ। लेकिन अभी तक इसका भुगतान नहीं किया गया। सिद्दीकी ने बताया कि उल्टे नोटिस देने वाले अधिकारी एचएस यादव को ही हटा दिया गया।