मायावती ने चुनाव नतीजों की समीक्षा के बाद मौजूदा जोन इंचार्ज (कोऑर्डिनेटर), जिला व विधानसभा प्रभारियों को हटा दिया है, हालांकि जिला संगठन बना रहेगा। उन्होंने संगठन को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए प्रदेश को चार हिस्सों में बांटकर सेक्टर इंचार्ज बनाए हैं।
लोकसभा में बसपा संसदीय दल के नेता व नगीना सांसद गिरीश चंद्र को पश्चिमी यूपी की जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें मुरादाबाद, सहारनपुर, मेरठ, आगरा व अलीगढ़ मंडल का प्रभारी बनाया गया है। उनके साथ राजकुमार गौतम, शमशुद्दीन राईन, डॉ. कमलराज भी रहेंगे।
पूर्व सांसद मुनकाद अली को बरेली, लखनऊ, कानपुर, झांसी व चित्रकूट मंडल की जिम्मेदारी दी गई है। उनके साथ भीमराव अंबेडकर व जितेंद्र शंखवार को जोड़ा गया है। इलाहाबाद, मिर्जापुर, बनारस और आजमगढ़ मंडल की जिम्मेदारी अशोक गौतम, घनश्याम चंद्र खरवार, नौशाद अली व इंदल राम को दी गई है। गोरखपुर, देवीपाटन, फैजाबाद व बस्ती मंडल की जिम्मेदारी त्रिभुवन दत्त, सुनील कुमार चित्तौड़, केके गौतम व पवन कुमार गौतम संभालेंगे।