बहुजन समाज पार्टी ने गुरुवार को सौ प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी। पश्चिमी यूपी के 20 जिलों की इस सूची में 36 मुस्लिमों को जगह देकर बसपा ने मुसलमानों को साधने की कोशिश की है। पार्टी ने 25 मौजूदा विधायकों पर फिर भरोसा जताया है।
कांग्रेस के दो और सपा के एक विधायक को भी टिकट दिया है। बसपा प्रदेश कार्यालय के अनुसार, प्रत्याशियों की दूसरी सूची शुक्रवार को जारी की जाएगी।
सूची में पहले और दूसरे चरण में मतदान वाले 20 जिलों सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, हाथरस, कासगंज, एटा, मथुरा, आगरा, फीरोजाबाद, बिजनौर, मुरादाबाद, संभल और रामपुर की 100 सीटें शामिल हैं। इनमें सिर्फ 25 नए चेहरे हैं। 75 प्रत्याशी या तो पहले चुनाव लड़ चुके हैं अथवा मौजूदा या पूर्व विधायक हैं।
इन्हें यहां से दिया गया टिकट
मुजफ्फरनगर की मीरापुर सीट से सपा विधायक नवाजिस आलम खान को टिकट दिया गया है। नवाजिश 2012 में इसी जिले की बुढ़ाना सीट से जीते थे।
स्वार (रामपुर) से कांग्रेस विधायक नवाब काजिम अली खां उर्फ नवेद मियां और स्याना (बुलंदशहर) से कांग्रेस विधायक दिलनवाज खान को मैदान में उतारा है। तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर उपचुनाव जीतने वाले विधायक श्याम सुंदर शर्मा को मांट (मथुरा) से प्रत्याशी बनाया गया है।
मोहम्मद साहब का कार्टून बनाने वाले डेनमार्क के कार्टूनिस्ट का सिर कलम करने पर इनाम की घोषणा से चर्चा में आए पूर्व मंत्री हाजी मोहम्मद याकूब कुरैशी को मेरठ दक्षिण और उनके बेटे हाफिज मो. इमरान को सरधना (मेरठ) से प्रत्याशी बनाया गया है।
पूर्व मंत्री कोकब हमीद के बेटे अहमद हमीद को बागपत से टिकट मिला है। सपा के टिकट पर पिछला लोकसभा चुनाव लड़ने वाले सुधन कुमार को मुरादनगर (गाजियाबाद) से मैदान में उतारा गया है। पूर्व मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह बरौली (अलीगढ़) और रामवीर उपाध्याय सादाबाद (हाथरस) से चुनाव लड़ेंगे।
इन सीटों पर ये होंगे प्रत्याशी
बसपा ने बिजनौर में अपने विधायक मोहम्मद गाजी की सीट बदल दी है। अब वे बढ़ापुर के बजाय धामपुर से प्रत्याशी होंगे।
बसपा ने अपने मौजूदा विधायक नूर सलीम राणा, लोकेश दीक्षित, अमरपाल शर्मा, वहाब चौधरी, मो. अलीम खान, गजेंद्र सिंह, डॉ. धर्मपाल सिंह, गुटियारी लाल दुबेश, कालीचरन सुमन और मो. इकबाल समेत 25 विधायकों को टिकट दिया है।
सिर्फ तीन महिलाओं को ही टिकट
बसपा की पहली सूची में बतौर महिला प्रत्याशी बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर) से सैय्यद बेगम, छपरौली (बागपत) से राजबाला और चंदौसी (संभल) सुरक्षित सीट से विरमावती ही जगह पा सकीं।