बसपा और सपा के बीच गठबंधन के बाद बसपा ने अपने संभावित प्रत्याशियों का नाम फाइनल कर लिया है। मायावती 15 जनवरी को अपने जन्मदिन पर प्रत्याशियों के नाम का एलान कर सकती हैं। इसके पहले जो सीटें पार्टी के हिस्से से बाहर हो गई हैं, वहां के दावेदारों को संतुष्ट किए जाने का काम शुरू हो गया है।
सूत्रों ने बताया कि बसपा के हिस्से में जो 38 सीटें आई हैं, उनमें अधिकतर सुरक्षित और पश्चिम यूपी की सीटें हैं। पार्टी ने सभी सीटों के लिए प्रत्याशियों के नाम फाइनल कर लिए हैं।
लेकिन जिन 42 सीटों पर पार्टी ने गठबंधन या शिष्टाचार में प्रत्याशी न खड़ा करने का एलान किया है, वहां के दावेदारों की धड़कनें बढ़ गई हैं। सपा-बसपा गठबंधन के एलान के बाद बड़ी संख्या में टिकटों के दावेदार बसपा प्रदेश कार्यालय से पूर्व मुख्यमंत्री के मायावती के आवास तक नजर आए। तमाम दावेदारों ने राजधानी में डेरा डाल दिया गया है।
बताया गया कि जिन्हें 38 सीटों पर टिकट दिया जाना है, उन्हें बुला-बुलाकर बताने का काम शुरू हो गया है। लेकिन आधिकारिक एलान मायावती के जन्मदिन पर किए जाने की संभावना है। अन्य सीटों के दावेदारों को प्रत्याशियों के सहयोग में चुनाव में जुटने को कहा जा रहा है।