बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती।
- फोटो : amar ujala
कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे किसान आंदोलन के समर्थन में सोमवार को सपा ने प्रदेश में जोरदार प्रदर्शन किया। लखनऊ से कन्नौज जाते सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के बाद अवध समेत कई जिलों में सपा कार्यकर्ता सड़कों पर आ गए।
सुल्तानपुर, अमेठी के सभी विधानसभा क्षेत्रों में सपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कई सपा नेताओं को नजरबंद कर लिया गया। रायबरेली में सपा कार्यकर्ताओं ने किसान यात्रा निकाली। पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इस पर कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया। पुलिस से तीखी नोकझोंक हुई। पूर्व मंत्री व विधायक समेत 50 से ज्यादा सपाई हिरासत में लिए गए।
वहीं, बसपा सुप्रीमो मायावती ने किसान संगठनों के भारत बंद का समर्थन करने का एलान किया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा है कि कृषि से संबंधित तीन नए कानूनों की वापसी को लेकर देश भर के किसान आंदोलित हैं।
किसानों व उनके संगठनों द्वारा आठ दिसंबर को आहूत भारत बंद का बसपा समर्थन करती है। उन्होंने केंद्र सरकार से किसानों को मानने की भी मांग की है।