गुडंबा। इंटीग्रल यूनिवर्सिटी में बीएससी बायोटेक प्रथम वर्ष के छात्र शिवम कुमार पटेल (21) ने बृहस्पतिवार देर रात भाखामऊ स्थित कमरे में चादर से फंदा लगा लिया। शुक्रवार सुबह दरवाजा न खुलने पर उसके साथियों ने जब दरवाजा तोड़ा तो घटना की जानकारी हुई। आत्महत्या के कारण का पता नहीं चला है।
इंस्पेक्टर गुडंबा अंजनी कुमार मिश्रा ने बताया कि बिहार के कैमूर जिले के भभुआ गांव का शिवम किराये पर साथियों के साथ रहता था। उसकी सेकंड सेमेस्टर की परीक्षाएं चल रही हैं। दरोगा अतिस कुमार सिंह ने बताया कि दो दिन पहले शिवम का छोटा भाई सुंदरम भी लखनऊ आया है। बृहस्पतिवार शाम शिवम सुंदरम और साथियों के साथ खाना खाने गया था। वहां से वह पहले चला आया। उसके साथी जब कमरे पर पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज देने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो सुंदरम व बाकी लोग दूसरे कमरे में सो गए। शुक्रवार सुबह भी दरवाजा नहीं खुला तो उसे तोड़ा गया। अंदर शिवम फंदे से लटके मिले। उनके पिता रामानंद पटेल किसान हैं। शिवम तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। इंस्पेक्टर गुडंबा अंजनी कुमार मिश्रा ने बताया कि छात्र का मोबाइल फोन कब्जे में ले लिया गया है। परिजन तहरीर देंगे तो जांच की जाएगी।