अलीगंज अग्निकांड : प्रतीकात्मक तस्वीर।
लखनऊ। अलीगंज अग्निकांड की घटना के मुख्य आरोपी वीरेंद्र प्रसाद शुक्ला के भाई सुरेंद्र प्रसाद शुक्ला ने जिला जज की कोर्ट में अग्रिम जमानत अर्जी दायर की है। प्रभारी सत्र न्यायाधीश नीतू पाठक ने जमानत अर्जी पर सुनवाई के लिए नौ जुलाई की तारीख तय करते हुए थाना अलीगंज को नोटिस जारी करते हुए रिपोर्ट तलब की है।
अर्जी में कहा गया है कि 23 जून को अलीगंज थाने के वरिष्ठ उप निरीक्षक विनय कुमार सिंह ने अग्निकांड मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। सुरेंद्र प्रसाद शुक्ला का नाम प्राथमिकी में नहीं है इसके बावजूद पुलिस उन्हें परेशान कर रही है। चूंकि सुरेंद्र अग्निकांड के मुख्य आरोपी वीरेंद्र प्रसाद शुक्ला के सगे भाई हैं इसलिए पुलिस उन्हें भी गिरफ्तार करना चाहती है। जबकि इस घटना से उनका कोई संबंध नहीं है। अर्जी में दावा किया गया है कि 15 मार्च 2024 को पारिवारिक बंटवारे में सुरेंद्र प्रसाद ने उक्त मकान में अपने हिस्से को अपने भाई वीरेंद्र शुक्ला को दे दिया था। मकान और घटना में सुरेंद्र का न कोई हाथ है और न ही कोई संबंध है।