लखनऊ। गोमतीनगर स्थित वात्सल्य अस्पताल में बृहस्पतिवार सुबह इलाज के दौरान नौ माह की बच्ची की मौत हो गई। उसके पिता ने मौत के बाद भी इलाज किए जाने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। साथ ही वीडियो वायरल कर आरोप लगाया कि अस्पताल वालों ने कहा कि 7400 रुपये लाओ, फिर शव ले जाओ। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को शव दिलवाया।
बाराबंकी के मसौली थानाक्षेत्र निवासी आस्था को परिजनों ने गंभीर हालत में बृहस्पतिवार सुबह छह बजे वात्सल्य हॉस्पिटल में भर्ती कराया। हालत नाजुक होने से मासूम को वेंटिलेटर पर रखा गया। तीन घंटे बाद उसकी मौत हो गई। पिता लाल बाबू गुप्ता ने आरोप लगाया कि बच्ची की मौत के बाद भी दवा खरीदवाई गई। इसके अलावा अस्पताल प्रशासन ने 7400 रुपये का बिल अदा करने के बाद शव ले जाने की बात कही।
नाराज परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभाली और परिजनों को शव दिलवाया। नर्सिंग होम के नोडल डॉ. एपी सिंह का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर जांच कराई जा रही है। परिजनों के आरोप सही मिले तो कार्रवाई होगी।
कोट्स
बच्ची की नब्ज नहीं मिल रही थी। वह शॉक में थी। तीन घंटे तक अस्पताल में भर्ती रही। परिजन बेबुनियाद आरोप लगा रहे थे। इलाज में किसी तरह की लापरवाही नहीं हुई थी। सोशल मीडिया पर भ्रामक वीडियो बनाकर प्रसारित किया गया।
- डॉ. वीपी सिंह, संचालक, वात्सल्य हॉस्पिटल