लखनऊ। अभिभावकों के संघर्ष, एकजुटता और जिला प्रशासन की सख्ती के बाद जानकीपुरम स्थित ब्राइट वे इंटर कॉलेज ने बढ़ाई फीस की दर को घटाकर 7.55 प्रतिशत तक कर दिया है। हालांकि, शुल्क विनियमन के मानक के अनुसार अब भी फीस 2.5 प्रतिशत अधिक है।
अभिभावक राम लखन ने बताया कि स्कूल ने 25 प्रतिशत तक फीस बढ़ा दी थी। सत्र 2024-25 में दूसरी कक्षा की फीस 2700 रुपये थी, जो 2026-27 में 3500 रुपये कर दी गई थी। तीसरी कक्षा की फीस 2800 से 3500 रुपये कर दी गई। इसके विरोध में अभिभावकों ने स्कूल के बाहर और जिला प्रशासन कार्यालय पर धरना दिया गया। जिला शुल्क नियामक समिति के समक्ष शिकायत भी की, लेकिन विद्यालय ने फीस में कटौती नहीं की। अब जिलाधिकारी की सख्ती और नोटिस के बाद स्कूल ने फीस घटाई है।
समायोजित कर दी जाएगी अतिरिक्त फीस
ब्राइट वे इंटर कॉलेज के प्रबंधक प्रेम सिंह ने बताया कि प्री प्राइमरी से 12वीं तक की महीने की फीस दर में कमी की गई घटाकर 7.55 फीसदी कर दी गई है। जिन अभिभावकों ने अतिरिक्त फीस दी है, उनका पैसा अगले महीने के शुल्क में समायोजित कर दिया जाएगा। इसकी जानकारी नोटिस बोर्ड पर भी लगा दी गई है।
23 से अधिक विद्यालयों में बढ़ाई है फीस
राजधानी में 23 से अधिक निजी विद्यालयों ने शुल्क विनियमन के मानक के विपरीत फीस में बढ़ोतरी की है। अभिभावकों ने इनके खिलाफ शिकायत भी की, लेकिन अभी तक प्रशासन ने कोई कदम नहीं उठाया है। हालांकि, शिकायत की जांच की रिपोर्ट खारिज करते हुए जिलाधिकारी ने पुन: जांच के निर्देश दिए हैं।
फीस बढ़ाने पर दो और स्कूलों को नोटिस
शुल्क विनियमन के मानक के खिलाफ फीस बढ़ाने और विशेष दुकान से किताबें खरीदने का दबाव बनाने वाले राजधानी के दो और निजी स्कूलों को जिला विद्यालय निरीक्षक ने नोटिस जारी किया है। जिला शुल्क नियामक समिति के सचिव व डीआईओएस राकेश कुमार ने शीलवती आइडल पब्लिक स्कूल और एलन हाउस पब्लिक स्कूल को नोटिस जारी किया है। तीन दिनों में स्पष्टीकरण न देने पर कार्रवाई की जाएगी।