कानपुर के थाना चकेरी के कोयला नगर में जयमाल के दौरान बारातियों की नशेबाजी और महिलाओं से छेड़छाड़ से नाराज लड़की पक्ष के लोग भड़क गए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट में दो लोग घायल हो गए।
वहीं, स्टेज पर दूल्हे को नशे की हालत में देखकर दुल्हन ने शादी से इंकार कर दिया। इस मामले में चकेरी पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की है।
बुधवार को बिधनू के बाजपुर निवासी खेत मजदूर सुखराम के बेटे रोहित की बारात चकेरी के कोयला नगर में आई थी। आरोप है कि जयमाल के वक्त बारातियों ने नशे की हालात में वधू पक्ष की महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करनी शुरू कर दी।
इस पर दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट के बाद समारोह के दौरान तनाव व्याप्त हो गया। उधर, दुल्हन ने जयमाल के दौरान दूल्हे को नशे की हालत में देख शादी से इंकार कर दिया। इस मामले में गुरुवार देर शाम तक कोयला नगर चौकी में पंचायत चलती रही। आखिर में सुलह नहीं होने पर चकेरी पुलिस ने दोनो पक्षों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की है।