लखनऊ। पीजीआई की ओपीडी के पास संचालित कैंटीन में नाश्ते के दाम बढ़ा दिए गए हैं। कैंटीन संचालक ने मालभाड़ा, खाद्य सामग्री और अन्य खर्चों में बढ़ोतरी का हवाला देते हुए कई खाद्य वस्तुओं के दाम पांच रुपये तक बढ़ाए हैं। इससे इलाज कराने आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों पर महंगाई की मार पड़ गई है।
कैंटीन में मिलने वाली आलू पेटीज 15 की जगह अब बीस रुपये की मिलेगी। पनीर पेटीज 20 के बजाय 25 रुपये में बेची जा रही है। चाय व सैंडविच की कीमतें नहीं बढ़ाई गई हैं। वहीं, बन मक्खन की कीमत घटा दी गई है। पहले यह 30 रुपये में बिक रहा था। पीजीआई में यूपी के अलावा अन्य राज्यों से मरीज इलाज के लिए आ रहे हैं। तीमारदारों ने बताया कि अस्पताल परिसर में बाहर जाने की सुविधा सीमित होने के कारण अधिकांश लोगों को कैंटीन से ही सामान खरीदना पड़ता है। ऐसे में बढ़ी हुई कीमतों का सीधा असर उनकी जेब पर पड़ रहा है। लोगों ने प्रशासन से दामों की समीक्षा कराने और मरीजों को राहत देने की मांग की है। वहीं, कैंटीन संचालक का कहना है कि पिछले कुछ महीनों में गैस सिलिंडर, तेल, दूध और अन्य खाद्य सामग्री के दाम लगातार बढ़े हैं।