यूपी के सहकारिता मंत्री ने कहा कि अगले साल जनवरी तक कोऑपरेटिव बैंक व जिला सहकारिता बैंक की 1200 शाखाएं ऑनलाइन हो जाएंगी। वो 65वें अखिल भारतीय सहकारिता सप्ताह के मौके पर चौधरी चरण सिंह सहकारिता भवन में आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में अनाज भंडारण की क्षमता 39 लाख मीट्रिक टन है। इसे बढ़ाकर 60 लाख मीट्रिक टन किया जाएगा। अगले दो साल में पांच-पांच हजार मीट्रिक टन के 40 नए भंडार गृह बनाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस समय 7489 साधन सहकारी समितियों में से सिर्फ 2600 लाभ की स्थिति में हैं।
इसके पहले कार्यक्रम का उद्घाटन प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने किया और कहा कि सहकारिता वो समुद्र है जिसमें सब कुछ समाहित है। पिछली सरकारों ने सहकारिता का बहुत नुकसान किया है।
इस मौके पर प्रमुख सचिव सहकारिता एमवीएस रामी रेड्डी ने कहा कि कोऑपरेटिव बैंक किसानों को 9000 करोड़ रुपये का लोन दे रहे हैं। हमारा लक्ष्य इसे बढ़ाकर 15000 करोड़ रुपये करना है।