चिनहट इलाके में सफेद लग्जरी कार सवारों ने सोमवार रात नशे में धुत अर्धनग्न युवती को सुनसान सड़क पर फेंका और भाग निकले। बेहोश युवती के पास उसके कुछ कपड़े पड़े देख एक राहगीर ने गैंगरेप के बाद युवती को फेंकने की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी। इस बीच भीड़ लगने लगी।
पुलिस ने केस दर्ज करके तहकीकात के बजाय युवती को अस्पताल भेजकर मामला टाल दिया। एसओ का कहना है कि युवती ने रिपोर्ट दर्ज न कराने की बात कही थी। डॉक्टरी मुआयने में उसके नशे में होने की पुष्टि हुई, दुष्कर्म की नहीं।
सूत्रों के मुताबिक, फर्राटा भरते जा रही सफेद लग्जरी कार सोमवार रात 10:30 बजे चिनहट के गांव बगुरिया मोड़ पर रुकी। कार सवारों ने सुनसान सड़क पर अर्धनग्न युवती और उसके कुछ कपड़े फेंके और भाग निकले। रास्ते से गुजरे एक व्यक्ति ने औंधे मुंह बेहोश पड़ी युवती को देखा।
उसने अपने परिचित सिपाही को फोन किया और गैंगरेप की आशंका जताई। युवती के फेंके जाने की खबर फैलते ही इलाके के लोग एकत्र हो गए। इलाके के दरोगा व सिपाहियों ने एसओ को जानकारी दी। पुलिस पहुंची और उसे होश में लाकर महिला सिपाही ने पूछताछ की।