- नदी पार फत्तूपुर तनाजा गांव में देर शाम की घटना, बुलाई गई एनडीआरएफ टीम
संवाद न्यूज एजेंसी
इकौना (श्रावस्ती)। डिंगुराजोत के मजरा फत्तूपुर तनाजा निवासी भाई-बहन गांव के ही कुछ बच्चों सोमवार देर शाम गांव के निकट पुरानी राप्ती नदी में नहाने गए थे। जहां पानी अधिक होने से भाई-बहन पानी में डूबने लगे। बच्चों के शोर पर ग्रामीणों संग पहुंचे परिजनों ने बालिका को डूबने से बचा लिया, जबकि उसका भाई गहरे पानी में चला गया। परिजन पूरी रात बालक की नदी में तलाश कराते रहे। पता न चलने पर एनडीआरएफ की टीम बुलाई गई।
नवीन मार्डन थाना कटरा के ग्राम डिंगुराजोत का मजरा फत्तूपुर तनाजा राप्ती नदी पार स्थित है। वहीं बगल में राप्ती नदी पुराना स्थान छोड़कर नए रास्ते पर जा चुकी है। ऐसे में यहां नाले की तरह पुरानी नदी स्थित है। सोमवार देर शाम फत्तूपुर तनाजा निवासी जिलाजीत यादव का बेटा अंकित यादव (9) अपनी बहन अनीता यादव (8) सहित गांव के कुछ बच्चों के साथ पुरानी राप्ती नदी में नहाने गया था।
जहां पानी अधिक होने के कारण अंकित व अनीता पानी में डूबने लगे। साथ में मौजूद बच्चों के शोर पर ग्रामीणों संग पहुंचे परिवार के लोगों ने अनीता को डूबने से बचा लिया, जबकि अंकित गहरे पानी में डूब गया। परिजन ग्रामीणों संग पूरी रात अंकित को नदी में तलाशते रहे, लेकिन अंकित का पता नहीं चल सका है। इस बारे में कटरा थाना प्रभारी गणनायक प्रसाद ने बताया कि बालक की तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया है। जिनसे बालक की तलाश कराई जाएगी। उम्मीद है उसे खोज लिया जाएगा।