रायबरेली के सदर कोतवाली पुलिस के उत्पीड़न से आजिज रोडवेज कर्मी के नाबालिग बेटे ने सोमवार रात लॉकअप में खुद को आग लगा ली। उसे लपटों से घिरा देख कोतवाली में हड़कंप मच गया। किसी तरह पुलिसकर्मियों ने आग बुझाई।
लपटों की चपेट में आने से किशोर झुलस गया है। उधर, मामला तूल पकड़ने पर पुलिस ने किशोर को छोड़ दिया। पीड़ित का आरोप है कि इंदिरा नगर चौकी इंचार्ज चोरी के एक मामले में उससे जबरन चोरी करने का जुर्म कुबूल करवाने का दबाव बना रहे थे।
मामले में चौकी इंचार्ज रामकृपाल को लाइन हाजिर कर दिया गया। शहर के इंदिरा नगर निवासी किशोर (17) को रविवार की रात इंदिरा नगर चौकी इंचार्ज ने हिरासत में लेकर लॉकअप में बंद कर दिया। सोमवार को दिनभर वह लॉकअप में बंद रहा।
आरोप है कि चौकी इंचार्ज समेत अन्य पुलिस कर्मियों ने उसकी जमकर पिटाई की। रात में लॉकअप के पास एक माचिस पड़ी थी। पुलिस की पिटाई से परेशान किशोर ने माचिस से खुद को आग लगा ली। पुलिस कर्मियों ने किसी तरह आग बुझाई।