इंदिरानगर थाना क्षेत्र में छोटी बहन के साथ खेल रहे पांचवीं के छात्र ने रविवार शाम खेल-खेल में स्टूल पर चढ़कर कड़े से फंदा कसा और फांसी लगा ली। बच्ची की चीखपुकार सुनकर दौड़े पड़ोसियों ने चौकाबर्तन करने निकली मां को बुलाया और छात्र को लोहिया अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इंस्पेक्टर मुकुल प्रकाश वर्मा ने बताया कि मोहल्ला गायत्रीपुरम पानीगांव में रहने वाले पिंटू साहू के 10 वर्षीय बेटे ललित ने खेल-खेल में छत के कड़े से दुपट्टे का फंदा कसा और फांसी लगा ली। शव फंदे से लटकता देख छोटी बहन ने शोर मचाया।
चीखपुकार पर दौड़े पड़ोसियों ने पास के घरों में चौकाबर्तन कर रही मां को बुलाया। छोला-पूड़ी का ठेला लगाए पिंटू भी अपनी दुकान छोड़कर घर की तरफ भागा। ललित को आननफानन में फंदे से उतार कर लोहिया अस्पताल ले गए।
इस बीच उसकी मौत हो चुकी थी। पिंटू ने पुलिस को बताया कि वह हरदोई के संडीला इलाके का मूलनिवासी है। रोजगार व बच्चों की पढ़ाई के सिलसिले में लखनऊ आया था।
स्कूल में साप्ताहिक अवकाश के चलते ललित अपनी छोटी बहन के साथ घर पर खेल रहा था। माता-पिता ने डांट-फटकार से इन्कार करते हुए पुलिस को जानकारी दी कि ललित ने खेल-खेल में फांसी लगा ली। इंस्पेक्टर ने बताया कि शव मॉर्च्युरी में रखा गया है और सोमवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।