नगर विकास मंत्री आजम खां के नाम पर फेसबुक पर फर्जी पोस्ट करने के मामले में जेल में बंद बरेली के छात्र को कोर्ट ने सशर्त जमानत दे दी है। पुलिस ने उसे दो दिन पहले गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
दो दिन पहले नगर विकास मंत्री आजम खां के मीडिया प्रभारी फसाहत खां शानू ने गंज थाने में बरेली के युवक विक्की खां के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
उनका आरोप था कि विक्की ने फेसबुक पर नगर विकास मंत्री के नाम से फर्जी पोस्ट डाल दी। इस पोस्ट से दो संप्रदायों के बीच सांप्रदायिक उन्माद भड़कने की आशंका थी।
पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज करने के चौबीस घंटे के भीतर ही बरेली के किला थाना क्षेत्र के मलूकपुर स्थित जुग्गन गली निवासी गुलरेज खां उर्फ विक्की खां को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने उसे आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने गिरफ्तार करने के बाद उसे जेल भेज दिया था।
इस तरह मिली जमानत
जेल में बंद विक्की के अधिवक्ता शैलेंद्र प्रधान की ओर से जमानत याचिका दायर की गई थी। इस पर गुरुवार को सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से एपीओ की ओर से जमानत याचिका का विरोध किया गया, जबकि विक्की के अधिवक्ता ने तर्क दिया कि उनके मुवक्किल को झूठा फंसाया गया है और वह 11वीं का छात्र है।
जेल में रहने के कारण उसका कैरियर खराब हो रहा है। दोनों पक्षों की दलील सुनने के बाद एसीजेएम तृतीय आजाद सिंह ने गुलरेज उर्फ विक्की की जमानत याचिका सशर्त मंजूर कर ली।
कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि बीस-बीस हजार रुपये के दो जमानती और इतनी ही धनराशि के मुचलके दाखिल करने पर रिहा करने के आदेश जारी किए हैं। कोर्ट का आदेश मिलने के बाद देर शाम विक्की को जेल से रिहा कर दिया गया।
कोर्ट ने यह रखीं शर्तें
- आरोपी के पास यदि पासपोर्ट है तो उसे कोर्ट में जमा किया जाए।
- बिना अनुमति के वह अपने गृह जनपद को नहीं छोड़ेंगे।
- विवेचना में पूर्ण सहयोग करेंगे।
बोले पिता, न्यायपालिका पर है भरोसा
जमानत मंजूर होने के बाद विक्की के पिता आवेजमति खां की आंखें भर आईं। रुंधे गले से उसने कहा कि उसके बेटे के साथ अन्याय हुआ है। बेटे के कैरियर के साथ खिलवाड़ किया गया है। कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है। जीत उनकी ही होगी।
कोर्ट परिसर में जमे रहे कांग्रेसी
रामपुर कोर्ट परिसर में कांग्रेसी जमे रहे। विक्की की जमानत अरजी पर सुनवाई गुरुवार को एसीजेएम कोर्ट में शुरू हुई। इससे पहले ही कांग्रेसी कोर्ट परिसर पहुंच गए, जहां उन्होंने अधिवक्ता से भी संपर्क किया। साथ ही परिजनों को भी भरोसा दिलाते रहे। यहां पर कांग्रेस के जिला महासचिव फैसल लाला, सिफत अली खां समेत कई कांग्रेसी मौजूद रहे।
यहां देखें, कब क्या हुआ
15 मार्च-बरेली के विक्की ने अपनी फेसबुक पर नगर विकास मंत्री के नाम पर पोस्ट डाली।
16 मार्च-पोस्ट डालने पर गंज थाने में नगर विकास मंत्री के मीडिया प्रभारी फसाहत खां शानू ने विक्की के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
17 मार्च-पुलिस ने बरेली निवासी विक्की को गिरफ्तार किया और फिर उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।
19 मार्च-कोर्ट ने विक्की की जमानत याचिका मंजूर की और देर शाम हुई रिहाई।