मंदिरों में उमड़ी भक्तों की भीड़।
लखनऊ। नवरात्र के पहले दिन घरों-मंदिरों में घट स्थापना के साथ शक्ति स्वरूपा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की विधि-विधान से पूजा हुई। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख मंदिरों में सुबह से ही दर्शन-पूजन के लिए भक्तों की कतारें लगी रहीं। यहां भक्तों ने मैया के चरणों में शीश झुकाकर आशीष मांगा।
दिन की शुरुआत भगवान सूर्य को अर्घ्य देकर नवसंवत्सर के स्वागत के साथ हुई। शास्त्रीनगर स्थित दुर्गा मंदिर में शनिवार को अखंड ज्योत पहुंची तो वहीं रविवार को नवरात्र के पहले दिन मां का मेवों से भव्य शृंगार किया गया। चौक स्थित छोटी व बड़ी काली जी मंदिर में भी मां का शृंगार कर आराधना की गई।
संतोषी देवी मंदिर, संदोहन देवी मंदिर, भुईयन देवी मंदिर, मरी माता मंदिर, बख्शी का तालाब स्थित चंद्रिका देवी मंदिर, 51 शक्ति पीठ और इटौंजा में मां पूर्वी देवी मंदिर समेत सभी प्रमुख मंदिरों में रविवार को मां के दर्शन-पूजन के लिए बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे। शाम होते ही सभी मंदिर रंग-बिरंगी लाइटों से जगमगा उठे और देवी गीत गूंजते रहे। आरती में बड़ी संख्या में भक्त मौजूद रहे।
हुनरमंद बेटियों को किया सम्मानित
नवरात्र के पहले दिन खेल, साहित्य, कला और सांस्कृतिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली हुनरमंद बेटियों को केसरीखेड़ा वार्ड के पार्षद देवेंद्र सिंह यादव जीतू ने रविवार को मानकनगर स्थित कार्यालय में सम्मानित किया। इनमें कवयित्री मोहिनी मिश्रा, फुटबॉल खिलाड़ी आराध्या यादव, नृत्य निर्देशिका श्रृद्धा यादव, नृत्यांगना अनन्या, मुक्की स्नेहा व अंशू गौतम शामिल रहीं। वरिष्ठ चिकित्सक अजय शुक्ला, सुरभि कल्चरल ग्रुप के सचिव शैलेंद्र सक्सेना को भी सम्मानित किया गया। आशीष कुमार, एनसीसी कैडेट तनु कुमारी व मोहिनी मिश्रा उपस्थित रहीं।