लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के शिक्षकों की शैक्षणिक विशेषज्ञता अब देशभर के स्कूली विद्यार्थियों के काम आएगी। विश्वविद्यालय के जैव रसायन विभाग की प्रो. कुसुम यादव और पूर्व कुलपति प्रो. यूएन द्विवेदी ने राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) की छह पाठ्यपुस्तकों और प्रयोगशाला पुस्तिकाओं के निर्माण में योगदान दिया है। इन पुस्तकों का लाभ सीबीएसई सहित विभिन्न शिक्षा बोर्डों के विद्यार्थियों को मिल रहा है।
कुसुम यादव ने कक्षा 11वीं और 12वीं की जैव प्रौद्योगिकी विषय के कई अध्याय अंग्रेजी और हिंदी दोनों माध्यमों में लिखे हैं। इनमें जैव अणु, एंजाइम गतिकी, जैव ऊर्जा विज्ञान, चयापचय पथ और कृषि में जैव प्रौद्योगिकी के अनुप्रयोग जैसे विषय शामिल हैं। उन्होंने प्रयोगशाला पुस्तिकाओं के लिए प्रयोग भी लिखे और पाठ्यपुस्तकों के संपादन की जिम्मेदारी निभाई। पूर्व कुलपति प्रो. यूएन द्विवेदी ने इस परियोजना में मार्गदर्शक की भूमिका निभाई है। उन्होंने वर्ष 2002 में लखनऊ विश्वविद्यालय में एमएससी जैव प्रौद्योगिकी पाठ्यक्रम की शुरुआत की थी। एनसीईआरटी की यह परियोजना वर्ष 2017 में शुरू हुई थी। समिति के समन्वयक दिनेश कुमार के नेतृत्व में देशभर के विशेषज्ञों ने पुस्तकों को तैयार किया। छह पुस्तकों में से पांच प्रकाशित हो चुकी हैं जबकि कक्षा 12 की हिंदी पुस्तक शीघ्र प्रकाशित होगी।