लखनऊ। किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय में अब बोन मैरो प्रत्यारोपण की सुविधा भी मिलेगी। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल बृहस्पतिवार को बोनमैरो प्रत्यारोपण यूनिट की शुभारंभ करेंगी। कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद ने बुधवार को ब्राउन हाॅल में हुई प्रेसवार्ता में बताया कि आदित्य बिड़ला कैपिटल फाउंडेशन की ओर से काॅर्पोरेट सोशल रेस्पांसबिलिटी (सीआरएस) के तहत मिली रकम से यह यूनिट शुरू हो रही है। इसे तैयार करने में करीब 2.76 करोड़ रुपये का खर्च आया है।
कुलपति ने बताया कि रक्त कैंसर, थैलेसीमिया, एप्लास्टी एनीमिया और अन्य आनुवांशिक बीमारियों वाले मरीजों में बोनमैरो प्रत्यारोपण किया जाता है। बोनमैरो प्रत्यारोपण के बाद मरीज में संक्रमण का खतरा ज्यादा रहता है। इसलिए यूनिट में हेपा फिल्टर लगाए गए हैं। इससे बाहर का संक्रमण अंदर नहीं आ पाएगा।
केजीएमयू के प्रवक्ता प्रो. केके सिंह ने बताया कि ज्यादातर ट्रांसप्लांट प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और अन्य राहत कोष से मिली रकम के माध्यम से किए जाएंगे। इस यूनिट से प्रदेश के साथ ही अन्य राज्यों से आने वाले ब्लड कैंसर और रक्त संबंधी जानलेवा बीमारियों से ग्रसित मरीजों को काफी लाभ होगा। बोनमैरो ट्रांसप्लांट यूनिट में आठ बेड हैं। उद्घाटन समारोह में राज्यपाल के साथ ही उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, स्वास्थ्य राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, आदित्य बिड़ला कैपिटल फाउंडेशन की ओर से राजश्री बिड़ला मौजूद रहेंगी।
सात बेड और बढ़ाने की तैयारी
हिमेटोलॉजी विभाग के प्रमुख डॉ. एसपी वर्मा ने बताया कि फाउंडेशन ने सात और बेड बढ़ाने के लिए सहयोग करने का वादा किया है। इसके लिए फाउंडेशन ने 3.25 करोड़ रुपये की धनराशि मुहैया कराने पर हामी भरी है।