रायबरेली के ऊंचाहार थाना क्षेत्र के पूरे पदुम मजरे खरौली में सोमवार शाम रमेश कुमार घर की ओर बाइक से मुड़े रहे थे। इस दौरान जमुनापुर चौराहा से आ रही तेज रफ्तार स्कार्पियो ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में रमेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा होते देख घर के दरवाजे पर खड़े बड़े भाई दिनेश कुमार ने स्कार्पियो को रोकने का प्रयास किया तो स्कार्पियो की चपेट में आने से दिनेश कुमार भी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों भाइयों को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां इलाज के दौरान दिनेश कुमार की मौत हो गई।
सोमवार शाम करीब सात बजे पूरे पदुम मजरे खरौली गांव निवासी रमेश कुमार (30) पुत्र शिवराम बाइक से घर आ रहे थे। घर से पहले मोड़ पर वह बाइक से मुड़ने लगे तभी तेज रफ्तार स्कार्पियों ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में रमेश कुमार बाइक से दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। छोटे भाई को घायल देख घर के दरवाजे पर खड़े बड़े भाई दिनेश कुमार स्कार्पियो को दौड़कर पकड़ने लगे तो स्कार्पियों के सामने आ जाने वह भी टक्कर लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे से अफरातफरी मच गई।
ये भी पढ़ें - बहराइच में पूर्व सांसद पर जानलेवा हमला, कार्यकर्ताओं ने कमरे में छुपाकर बचाई जान, 38 लोग पहुंचे थे हथियार लेकर
ये भी पढ़ें - रामलला के अस्थायी मंदिर को मिलेगी भव्यता, टेंट में 28 साल तक रहने के बाद यहीं विराजित हुए थे रामलला
घटना से आक्रोशित भीड़ ने पीछा कर स्कार्पियो को चालक के साथ पकड़ लिया। उधर दोनों घायल भाइयों को परिजन सीएचसी लेकर गए, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां पर इलाज के दौरान दिनेश की मौत हो गई। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर गई और जांच की। स्कार्पियो चालक को मय वाहन हिरासत में ले लिया। कोतवाल संजय कुमार ने बताया कि चालक को हिरासत में लिया गया है। तहरीर मिलने पर मामला दर्ज किया जाएगा।