राजधानी लखनऊ के महानगर के निशातगंज इलाके में रिवर फ्रंट पर गोमती नदी में बोलेरो सवार आठ युवक डूब गये। जिसमें से एक की मौत हो गई। रिवर फ्रंट की सीसी रोड पर पानी के बहाव व फिसलन में बोलेरो गाड़ी गोमती नदी में डूब गई थी। सभी आठ युवक नदी के गहरे पानी में डूबने लगे। चार युवक किसी तरह तैर कर बाहर निकले। पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने तत्काल रात में ही एसडीआरएफ की टीम व गोताखोरों को बुलाया। इसके बाद तीन युवकों को बाहर निकाला गया। तड़के एक युवक का शव पुलिस टीम ने बरामद किया। मृतक पारा के बुद्धेश्वर का रहने वाला 26 साल का निखिल गुप्ता है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रभारी निरीक्षक महानगर प्रदीप सिंह के मुताबिक आठ युवक बोलेरो से बाराबंकी से बुद्धेश्वर जा रहे थे। चालक गाड़ी लेकर रात करीब ढाई बजे रिवर फ्रंट के समता मूलक चौराहे से नदी के किनारे वाले रास्ते पर उतर गया था। कुछ दूर पेपर मिल कालोनी के पास पहुंचने के बाद कुकरैल नाले का पानी नदी में बह रहा था जिसके कारण वहां सीसी रोड पर पानी व कीचड़ था। गाड़ी तेज रफ्तार में होने के गाड़ी फिसली और चालक नियंत्रण खो बैठा। गाड़ी नदी में चली गई। हादसे में गाड़ी का अगला शीशा टूट गया।
चार युवक किसी तरह गेट खोलकर बाहर निकले। प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक पुलिस को सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल गोताखोरों को नदी में उतारा। वहीं एसडीआरएफ को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने राहत कार्य शुरू किया।