चिनहट। बीबीडी इलाके की हरिओम सिटी से चार दिन से लापता अनुराग यादव (20) का शव रविवार सुबह नगराम में अचली खेड़ा बैराज के पास इंदिरा नहर में मिला। परिजनों ने शव की शिनाख्त की।
अनुराग के पिता दीवान मुन्नू सिंह यादव ने बताया कि उनका बेटा नीट की तैयारी कर रहा था। बृहस्पतिवार शाम करीब 5:45 बजे वह टहलने जाने की बात कहकर घर से निकला था। देर रात तक नहीं लौटने पर उसकी तलाश की गई लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने बीबीडी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। रविवार सुबह नगराम में शव मिलने की जानकारी पर परिजन वहां पहुंचे और उसकी पहचान की। इंस्पेक्टर राम सिंह के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि अनुराग कुछ दिनों से किसी बात को लेकर तनाव में था। परिजनों ने फिलहाल किसी पर आरोप नहीं लगाया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।