माल। काकराबाद के पास गोमती नदी में सोमवार को मिले शव की पहचान सैरपुर के दुगौर बीरमपुर निवासी राज उर्फ मोनू निषाद (27) के रूप में हुई। बुधवार को घरवालों ने शव की पहचान की। परिजनों ने राज के तीन दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। आरोपियों ने मारपीट की बात कबूल की है।
राज के पिता कुंज बिहारी के मुताबिक, आठ अगस्त की शाम करीब 6:30 बजे राज एक दोस्त के साथ बाइक से किसान पथ की ओर गया था। रात करीब 8:15 बजे चचेरे भाई बलवंत ने राज को फोन किया तो उसका मोबाइल स्विच ऑफ मिला। परिजनों ने खोजबीन की लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। रविवार को पिता ने सैरपुर थाने में राज की गुमशुदगी दर्ज कराई। राज को साथ ले गए दोस्तों से सवाल-जवाब किए, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
कमीशन की रकम के विवाद में हत्या की आशंका
पिता के मुताबिक, एक साल पहले राज ने एक जमीन बिकवाई थी। उसका करीब डेढ़ लाख रुपये कमीशन एक साथी पर बकाया था। राज काफी समय से अपने रुपये मांग रहा था। आरोप है कि इसी विवाद के चलते राज के तीनों साथियों ने वारदात को अंजाम दिया।
पांच अगस्त को दो युवकों से भी हुआ था विवाद
मृतक के चाचा बलवंत के मुताबिक, पांच अगस्त को गांव के दो युवक राज के ताऊ मंगलू के खेत की जोताई कर रहे थे। इसी दौरान खेत में राज को 200 रुपये का नोट पड़ा मिला। जोताई कर रहे दोनों युवकों ने नोट को अपना बताया, जिसको लेकर दोनों पक्षों में विवाद और मारपीट हुई थी। मामला सैरपुर थाने तक पहुंचा था। परिजनों ने उन दोनों युवकों पर भी राज के तीनों साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है। इंस्पेक्टर माल नवाब अहमद ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। राज के परिवार में पत्नी रेशमा और दो बेटे शुभ व सूर्यांश हैं।