लखनऊ। अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर एचआईवी-एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए दो माह के सघन अभियान की शुरुआत नेशनल पीजी कॉलेज में बुधवार से हुई। उत्तर प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण सोसाइटी (यूपीएसएसीएस) के अपर परियोजना निदेशक रविंद्र कुमार ने इसकी लॉन्चिंग की। कार्यक्रम में शामिल युवाओं ने एचआईवी-एड्स के खिलाफ एकजुट होकर काम करने का संकल्प लिया। मानव शृंखला बनाकर संक्रमण, जांच और इसके इलाज से जुड़ी जानकारी दी। एचआईवी से जुड़े भ्रम और भेदभाव को दूर करने पर भी जोर दिया।
यूपीएसएसीएस के संयुक्त निदेशक रमेश चंद्र श्रीवास्तव ने नौजवानों को आई-स्कैन ‘अनुमान न लगाएं, स्कैन करें’ पहल से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। इसके माध्यम से लोग अपने एचआईवी जोखिम का खुद आकलन कर सकते हैं। डॉ. गीता अग्रवाल और डॉ. संजय सोलंकी ने एचआईवी संक्रमण के बारे में जानकारी दी। युवाओं ने पोस्टर और रील मेकिंग से भी जागरूकता संदेश दिए। प्रथम तीन स्थान पर रहने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। अपर परियोजना निदेशक रविंद्र कुमार ने कहा कि दो महीने तक प्रदेश के जिला, ग्रामीण और सामुदायिक स्तर तक जागरूकता गतिविधियां आयोजित होंगी।