गुडंबा। गुडंबा में रिंग रोड पर श्री राम धर्मकांटा के पास 10 मई को मिला शव अलीगंज सेक्टर के उस्मानपुर निवासी राहुल राजपूत (30) का था। उनकी मां सुंदरी देवी ने पोस्टमार्टम हाउस में शव की पहचान की। राहुल पेंटिंग का काम करते थे।
मां सुंदरी देवी ने बताया कि राहुल नौ मई की शाम शराब पीने की बात कहकर घर से निकले थे। देर रात तक न लौटने पर उन्होंने खोजबीन की, लेकिन पता नहीं चला। 11 मई को वह अलीगंज थाने में बेटे की गुमशुदगी दर्ज कराने पहुंचीं थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। गुडंबा पुलिस को छानबीन के दौरान राहुल की मां के बारे में जानकारी मिली। पुलिस ने बृहस्पतिवार को उनसे संपर्क कर पोस्टमार्टम हाउस बुलाया, जहां दोपहर तीन बजे पहचान हुई। इंस्पेक्टर अलीगंज ध्रुव कुमार ने मां के थाने न आने का दावा करते हुए कहा कि अगर वह आतीं तो कार्रवाई जरूर होती।