सरोजनीनगर। बंथरा के हसन खेड़ा निवासी बेफ रावत की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। वह 12 मई को घर से निकले थे और तभी से लापता थे। परिजनों ने 13 मई को गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बेफ का शव घर से 300 मीटर दूर खाली पड़े मकान में मिला। परिजनों ने बेफ की हत्या की आशंका जताई है। एसीपी रजनीश वर्मा का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण पता चल सकेगा।
बेफ रावत (48) अपनी पत्नी गीता और 14 वर्षीय बेटे आकाश के साथ रहते थे। वह पहले आरा मशीन पर काम करते थे, लेकिन कुछ दिनों से खेती कर रहे थे। परिजनों ने बताया कि 12 मई को वह किसी काम से घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। काफी खोजबीन करने पर भी उनका कुछ पता नहीं चला सका। इसके बाद गीता ने 13 मई को पति की गुमशुदगी दर्ज कराई। शनिवार को बच्चे क्रिकेट खेलते हुए गेंद लेने मुकेश जायसवाल के उस खंडहरनुमा मकान में गए थे। उन्होंने भीतर सड़ागला शव औंधे मुंह पड़ा देखा। बच्चों ने शोर मचाकर ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। ग्रामीणों ने शव की पहचान बेफ के रूप में की और पुलिस को सूचना दी।
पास में मिली शराब की बोतल
थाना प्रभारी राणा राजेश सिंह का कहना है कि शव करीब तीन से चार दिन पुराना लग रहा है। शव के पास शराब की बोतल भी मिली है। अत्यधिक शराब पीने से भी बेफ की मौत हो सकती है। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य इकट्ठा किए हैं। साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।