बाढ़ प्रभावित इलाके का जायजा लेने पहुंचे डीएम।
लखनऊ। बीकेटी क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गांवों में बुजुर्गों व स्कूली बच्चों के आवागमन की सुविधा के लिए प्राथमिकता के आधार पर नाव की व्यवस्था की जाएगी। पशुओं के उत्पन्न चारे का संकट भी दूर होगा। क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित ग्राम लासा, अंगड़िया कला, सुल्तानपुर, बहादुरपुर और शिवपुरी में हालात का जायजा लेने के बाद डीएम विशाख जी ने इसका निर्देश दिया है।
भ्रमण के दौरान डीएम ने तहसीलदार को निर्देश दिया कि वह विशेषकर स्कूली बच्चों और वृद्धजनों के आवागमन के लिए नाव की व्यवस्था करें। एडीएम वित्त एवं राजस्व ने बताया कि ग्रामवासियों के आवागमन के लिए आठ नाठें और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एक स्टीमर की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। डीपीआरओ को सभी प्रभावित ग्रामों में स्टीमर की समयसारणी तय करने, स्थापित कैंपों की लोकेशन की जानकारी व अन्य आवश्यक सूचनाएं ग्रामवासियों तक पहुंचने के लिए वाहनों से अनाउंसमेंट व मुनादी कराने के निर्देश दिए।
डीएसओ से कहा कि वह प्रभावित ग्रामों में कोटेदारों के माध्यम से राशन वितरण सुनिश्चित करें। कहीं भी राशन सामग्री की कमी नहीं होनी चाहिए। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को बाढ़ के दौरान फैलने वाले संक्रामक रोगों से बचाव के इंतजाम करने तथा सीवीओ से पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान सीवीओ, एडीएम वित्त एवं राजस्व, समेत कई जिला व तहसील स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
बाढ़ प्रभावित इलाके का जायजा लेने पहुंचे डीएम।
बाढ़ प्रभावित इलाके का जायजा लेने पहुंचे डीएम।