एडीएम (सप्लाई) ज्योति गौतम ने रविवार दोपहर राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज में बने कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने डीआईओएस राकेश कुमार से सभी केन्द्रों की जानकारी ली। उन्होंने प्रत्येक सिस्टम के पास जाकर हर केन्द्र की कनेक्टिविटी और वाइस रिकार्डिंग देखी।
कैमरे की निगरानी में प्रश्न पत्र निकाले जाएंगे
डीआईओएस राकेश कुमार ने केन्द्र व्यवस्थापकों से कहा कि सोमवार को स्टैटिक मजिस्ट्रेट और वाह्य केन्द्र व्यवस्थापक की मौजूदगी में सीसी कैमरे के निगरानी में स्ट्रांग में रखी अलमारी को खोलेंगे। यूपी बोर्ड के परीक्षा के कार्यक्रम के अनुसार अलमारी से विषय वार प्रश्न पत्र निकालेंगे। इन्हें अलमारी खोलने व बंद करने का समय और तारीख भी रजिस्टर में दर्ज करनी होगी।
डीआईओएस ने बताया कि परीक्षा केंद्र पर कक्षनिरीक्षक ड्यूटी के लिए डेढ़ घंटे पहले पहुंचेंगे। ड्यूटी से गायब रहने वाले प्राथमिक, राजकीय, एडेड और वित्तविहीन स्कूलों के कक्ष निरीक्षकों का वेतन रोका जाएगा। शिक्षकों को परीक्षा ड्यूटी में नहीं भेजने वाले वित्तविहीन स्कूलों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
संयुक्त शिक्षा निदेशक माध्यमिक कार्यालय में मंडलीय कंट्रोल रूम से केंद्रों पर होने वाली त्रुटियों का संज्ञान लिया जाएगा। वहीं डॉ. प्रदीप कुमार ने मंडल स्तरीय गठित चार सचल दलों के प्रभारियों को समय से केंद्रों का निरीक्षण करने का निर्देश दिया है। यह सचल दल लखनऊ समेत सीतापुर, उन्नाव,हरदोई,रायबरेली, लखीमपुर खीरी के केन्द्रों का औचक निरीक्षण करेगा। वहीं मंडलीय कंट्रोल रूम के नंबर 0522-2254070 पर सूचना दी जा सकेगी।