रविवार को महाकुंभ में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़।
- फोटो : अमर उजाला।
बरेली प्रयागराज एक्सप्रेस की एसी बोगी से पैसेंजर अमिता सिंह महाकुंभ जा रही थीं। चारबाग स्टेशन पर उनके कोच में श्रद्घालु प्रवेश कर गए और सीट पर काबिज हो गए। शिकायत पर आरपीएफ ने सीट खाली करवाई। ऐसे ही अन्य ट्रेनों की आरक्षित बोगियों से जनरल के टिकट पर सफर करने वाले श्रद्घालुओं को बाहर निकाला गया।
14 स्पेशल ट्रेनों, तत्काल से मिली राहत
रेलवे प्रशासन की ओर से रविवार को चारबाग, आलमनगर व गोमतीनगर से 14 स्पेशल ट्रेनों को चलाया गया। रेगुलर में लंबी वेटिंग होने के कारण स्पेशल के सहारे यात्रियों ने सफर किया। इतना ही नहीं तत्काल कोटे से भी यात्रियों को कुछ आराम मिला। हालांकि कोच में अपनी सीट तक पहुंचने में मुसाफिरों के पसीने छूट गए।
ट्रेन से मिली मायूसी बस ने की दूर
गंगा गोमती, वंदे भारत, त्रिवेणी, बरेली प्रयागराज, योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस जैसी रेगुलर ट्रेनों में लंबी वेटिंग ने यात्रियों को मायूसी हाथ लगी। बड़ी संख्या में चारबाग से यात्री आलमबाग बस अड्डे पहुंचे, जहां उन्होंने बसों के जरिए महाकुंभ के लिए यात्रा की। साधारण से लेकर लग्जरी बसों तक में उन्हें आसानी से सीटें मिल गईं। रोडवेज प्रशासन की ओर से रविवार को 315 बसों को संचालित किया गया। इसके अतिरिक्त 76 बसें डिपो में रिजर्व में रखी गई थीं, जिसमें 12 बसों को डिपो पर लाकर संचालित किया गया।