किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय के बायोकेमिस्ट्री विभाग में जल्द ही गर्भवती महिलाओं के खून की जांच से गर्भ में पल रहे भ्रूण की समस्याएं पता चल सकेंगी। इसके लिए विभाग में 1.70 करोड़ रुपये से इम्यूनोएसेसे सिस्टम फॉर प्रीनेटल स्क्रीनिंग मशीन आ गई है। जल्द ही इससे जांच शुरू हो जाएगी।
केजीएमयू प्रवक्ता प्रो. केके सिंह ने बताया कि इस जांच में गर्भवती महिला के खून में मौजूद हार्मोन और प्रोटीन की जांच की जाती है। इसकी सहायता से यह पता लगाया जा सकेगा कि कहीं गर्भस्थ शिशु डाउन सिंड्रोम से पीड़ित तो नहीं। शुरुआती अवधि में ऐसा होने पर गर्भपात का विकल्प मौजूद रहेगा। गर्भावस्था संबंधी अन्य जटिलताओं का भी पता लगाया जा सकेगा। हृदय रोग, संक्रमण और कैंसर की बीमारियों की पहचान के लिए भी यह जांच की जाती है।
खराब जीवनशैली और देर में शादी होने से गर्भ में पल रहे बच्चों में काफी समस्याएं देखी जा रही हैं। ऐसे में गर्भस्थ शिशु की स्क्रीनिंग की जरूरत पड़ती है। निजी केंद्रों पर इस तरह की कई जांच मौजूद हैं, लेकिन अभी तक केजीएमयू में सुविधा उपलब्ध नहीं थी। मशीन आने के बाद जांच की शुरुआत हो जाएगी। इससे स्क्रीनिंग में आसानी होगी।